...तो सपा को 1000 सीट चाहिए, कांग्रेस की 200 वाली मांग की आप ने उड़ाई खिल्ली
आप सांसद संजय सिंह ने यूपी में 200 सीटें मांग रही कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। कहा कि जब विधानसभा में डेढ़-दो हजार सीटें होंगी, तब जाकर 1000 सीट पर सपा और 200 पर कांग्रेस लड़ पाएगी।

यूपी विधानसभा चुनाव में सपा से 200 सीटें मांग रही कांग्रेस की अब आम आदमी पार्टी (आप) ने खिल्ली उड़ाई है। आप सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस के दावे को पूरी तरह नाजायज और जमीनी हकीकत से दूर बताया है। संजय सिंह ने कहा कि राजनीति में तर्कसंगत बातें करना ही ठीक होता है। उन्होंने कांग्रेस के पिछले विधानसभा प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा, "यूपी के पिछले चुनाव में कांग्रेस को महज ढाई प्रतिशत वोट और 2 सीटें मिली थीं। अगर 2 सीटों के आधार पर आप 200 सीटें मांग रहे हैं, तो 111 सीटें जीतने वाली समाजवादी पार्टी को तो 1000 सीटें मांगनी चाहिए।"
संजय सिंह ने कहा कि ऐसे में तो यूपी में नया परिसीमन कराना पड़ेगा और जब विधानसभा में डेढ़-दो हजार सीटें होंगी, तब जाकर 1000 सीट पर सपा और 200 पर कांग्रेस लड़ पाएगी। उन्होंने नसीहत दी कि नेताओं को ऐसी बात करनी चाहिए जो व्यवहारिक लगे।
संजय सिंह ने हरियाणा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस अपराधबोध से बाहर निकले। कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने कई राज्यों के चुनावी नतीजों का जिक्र किया।
हरियाणा से लेकर एमपी तक कांग्रेस को गलतियां गिनाईं
उन्होंने कहा कि हरियाणा में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चा कई दौर तक चली। कभी चार सीट, कभी छह सीट, कभी दो सीट देते रहे। फाइनली कांग्रेस नेताओं ने फोन उठाना बंद कर दिया। आप वहां अकेले लड़ी और ढाई प्रतिशत वोट मिले। कांग्रेस महज आधा प्रतिशत कम वोट पाने से सरकार बनाने से चूक गई। जबकि भाजपा के खिलाफ वहां पर जबरदस्त माहौल था।
इसी तरह मध्य प्रदेश में माहौल अच्छा था, लेकिन अखिलेश यादव के साथ तालमेल के सवाल पर कांग्रेस नेताओं ने 'कौन अखिलेश-वखिलेश' कहकर सबकुछ चौपट कर दिया। महाराष्ट्र में लोकसभा जीत के बाद खींचतान के कारण 4 महीने में ही बाजी पलट गई। बंगाल में ममता बनर्जी, दिल्ली में केजरीवाल और बिहार में तेजस्वी को सीएम चेहरा मानने में देरी करने जैसी गलतियों का खामियाजा पूरे विपक्ष को भुगतना पड़ा है।
अस्सी-बीस नहीं बच्चों की फीस होना चाहिए मुद्दा
बीजेपी और संघ पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि बड़े नेता मैदान में उतर चुके हैं। बाबा जी (योगी आदित्यनाथ) निकल चुके हैं और पूरी बीजेपी-आरएसएस नफरत की राजनीति में लग गई है। वे अस्सी बनाम बीस पर चुनाव लड़ाना चाहते हैं। जबकि चुनाव अस्सी बीस नहीं बच्चों की फीस पर होनी चाहिए।
संजय सिंह ने विपक्षी दलों को सुझाव दिया कि बीजेपी के हिंदू-मुसलमान और नफरत के एजेंडे में फंसने के बजाय चुनाव को रोजगार, स्कूल, अस्पताल, किसानों की फसल के दाम और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर हुए अत्याचार के मुद्दों पर केंद्रित करना होगा।








