2029 में कांग्रेस जीती तो राहुल गांधी से हाथ मिलाऊंगा, केंद्रीय मंत्री का ऐलान
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि अगर कांग्रेस और विपक्षी दलों को बहुमत मिलती है, तो वह राहुल गांधी से हाथ मिलाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि वह उनके साथ नहीं जाएंगे। साथ ही उन्होंने वोट चोरी के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी है।
Chief Reporter, Delhi

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने वोट चोरी के आरोपों को झूठा करार दिया है और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि जब NDA यानी नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की सरकार आती है, तो वोट चोरी के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब 2024 में सीटें घटीं, तब हमारी तरफ से वोट चोरी के आरोप नहीं लगाए गए थे। साथ ही उन्होंने कहा है कि अगर कांग्रेस को 2029 में बहुमत मिलता है, तो वह लोकसभा सांसद राहुल गांधी से हाथ मिलाएंगे।
रामदास आठवले ने गुरुवार को कहा, 'मेरा विचार यह है कि राहुल गांधी जी को गुस्सा यह है कि नरेंद्र मोदी जी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। क्योंकि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी से ज्यादा समय तक मोदी जी प्रधानमंत्री हैं। 15 साल तक वह प्रधानमंत्री रहने वाले हैं। 15 साल ही नहीं, 2029 में भी हम चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। अगर लोग कांग्रेस पार्टी और विपक्ष को बहुमत देते हैं, तो मैं राहुल गांधी जी के साथ हाथ मिलाऊंगा, लेकिन मैं उनके साथ नहीं जाऊंगा। लेकिन अगर मोदी जी सत्ता में आते हैं, तो उन्हें भी स्वीकारना चाहिए।'
वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को घेरा
केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि लोग जिसे चाहते हैं, वही सत्ता में आता है। उन्होंने कहा, 'वोट चोरी का आरोप लगाना ठीक नहीं है। लोकतंत्र में लोग जिनको पसंद करते हैं, उनको अधिकार है। यहां हमारे बीजू जनता दल की सरकार यहां अनेक साल रही, तो भाजपा ने आरोप नहीं लगाए कि इधर वोट चोरी किया। जो लोग चाहते हैं, उनका सत्ता इधर आता है।'
उन्होंने कहा, 'इसलिए मुझे लगता है कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी 3 बार वहां की मुख्यमंत्री रहीं और वामपंथियों को हराने का काम उन्होंने किया था। अब भाजपा का मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बन गए हैं, तो जब ममता जी को बहुमत मिला था तो भाजपा ने ऐसे आरोप नहीं लगाया था। तो भाजपा जो सत्ता में आई तो बोल रहीं हैं कि ऐसा हुआ और वैसा हुआ। गुंडाराज को खत्म करने का काम बंगाल में हुआ। भाजपा को 200 सीटें मिली हैं। इसलिए मुझे लगता है कि लोकतंत्र में जो लोग चाहते हैं, वो हम स्वीकारने के लिए तैयार हैं।'







