भारत से धड़ाधड़ सामान खरीद रहा पाकिस्तान, लेकिन बेचने के लिए कुछ भी नहीं; दिलचस्प आंकड़े
पाकिस्तान का भारत से आयात वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 68.90% बढ़कर 6.174 करोड़ डॉलर पहुंच गया, जबकि भारत को उसका निर्यात शून्य रहा। इस बीच नौ पड़ोसी देशों के साथ पाकिस्तान का व्यापार घाटा 26.62% बढ़कर 4.97

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापारिक रिश्ते पूरी तरह ठप हैं। लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तान धड़ाधड़ भारत से सामान खरीद रहा है। पाकिस्तान का भारत से आयात 68.90 फीसदी बढ़ा है। पाकिस्तान के स्टेट बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी जुलाई से सितंबर के दौरान भारत से पाकिस्तान का आयात बढ़कर 6.174 करोड़ डॉलर पहुंच गया, जबकि भारत को उसका निर्यात शून्य रहा। ऐसे में सवाल उठता है कि जब दोनों देशों के बीच व्यापार बंद है, तो पाकिस्तान के आयात के ये आंकड़े क्या संकेत देते हैं?
पाकिस्तान का व्यापार घाटा बढ़कर 4.97 अरब डॉलर पहुंचा
केवल भारत ही नहीं, पाकिस्तान का नौ पड़ोसी देशों के साथ व्यापार घाटा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 26.62 फीसदी बढ़कर 4.97 अरब डॉलर हो गया है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 3.93 अरब डॉलर था। पाकिस्तान के निर्यात में गिरावट और चीन से आयात में तेज बढ़ोतरी को व्यापार घाटा बढ़ने की प्रमुख वजह माना गया है।
पाकिस्तान के अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान क्षेत्रीय बाजारों में पाकिस्तान का निर्यात घटा है। अफगानिस्तान और बांग्लादेश को होने वाली आपूर्ति में कमी का कुल निर्यात पर खास असर पड़ा है। वहीं, चीन से आयात बढ़ने के कारण दोनों देशों के बीच व्यापार घाटा भी काफी बढ़ गया है।
पाकिस्तान का निर्यात घटा, आयात में हुई बढ़ोतरी
पाकिस्तान के स्टेट बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में नौ पड़ोसी देशों को उसका कुल निर्यात 6.72 फीसदी घटकर 94.424 करोड़ डॉलर रह गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह करीब 1.01 अरब डॉलर था।
इसके उलट, इस दौरान पाकिस्तान का कुल आयात 19.79 फीसदी बढ़कर 5.92 अरब डॉलर हो गया। पिछले साल जुलाई से सितंबर के बीच यह आंकड़ा 4.94 अरब डॉलर था। पाकिस्तान के इन नौ पड़ोसी देशों में अफगानिस्तान, चीन, बांग्लादेश, श्रीलंका, भारत, ईरान, नेपाल, भूटान और मालदीव शामिल हैं।
चीन से आयात बढ़ने से बिगड़ा व्यापार संतुलन
पाकिस्तान और चीन के बीच व्यापार घाटे में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान चीन से पाकिस्तान का आयात 19.76 फीसदी बढ़कर 5.82 अरब डॉलर हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 4.85 अरब डॉलर था।
हालांकि, चीन को पाकिस्तान का निर्यात भी बढ़ा है। इस दौरान यह 17.95 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 66.357 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 56.256 करोड़ डॉलर था।
इसके बावजूद चीन के साथ पाकिस्तान का व्यापार घाटा 85.88 करोड़ डॉलर से ज्यादा बढ़ गया। नौ पड़ोसी देशों के साथ पाकिस्तान के कुल व्यापार घाटे में हुई बढ़ोतरी का करीब 82.18 फीसदी हिस्सा चीन के साथ बढ़े घाटे के कारण रहा।








