1 नवंबर को दिल्ली में दुकानें खुलेंगी? राहुल गांधी से व्यापारियों ने की विनती; गणित बताया
कांग्रेस ने 1 नवंबर को राजधानी दिल्ली में 10 लाख लोगों के प्रदर्शन में शामिल होने का दावा किया है। अब पार्टी की इस घोषणा से व्यापारियों में हड़कंप है। इस संबंध में CTI ने कांग्रेस सांसद को एक पत्र भी लिखा है।

कांग्रेस की तरफ से 1 नवंबर को बुलाई गई रैली को लेकर व्यापारी चिंतित नजर आ रहे हैं। इस संबंध में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को एक पत्र भी सौंप दिया गया, जिसमें 10 हजार करोड़ के अनुमानित नुकसान की आशंका की बात कही गई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने इस दौरान बाजारों की लिस्ट भी जारी की है, जो प्रदर्शन के दौरान प्रभावित हो सकते हैं।
सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि कारोबारी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि 31 अक्टूबर और एक नवंबर को अवरोधक लगाए जाने और सड़कें बंद किए जाने से त्योहारी खरीदारी के इस समय में ग्राहक दुकानों तक पहुंच पाएंगे या नहीं। सीटीआई के अनुसार, 10 लाख लोगों की भीड़ के कारण दिल्ली में 15,000 से 20,000 वाहन आ सकते हैं। इनमें 10,000 से 12,000 बस और 5,000 से 7,000 छोटी गाड़ियां शामिल होंगी जिनमें कार, मिनी बस तथा टेंपो ट्रैवलर शामिल हैं।
राहुल गांधी से सवाल पूछे और विनती भी की
सीटीआई ने राहुल गांधी के नाम से पत्र लिखा है, 'आदरणीय राहुल गांधी जी। कल आपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापारियों के नाम संबोधन भेजा था जिसमें आपने स्पष्ट कर दिया कि आप 1 नवंबर को रैली करके ही रहेंगे। आपके इस बयान के बाद रामलीला मैदान के आसपास 20 बड़े बड़े बाजारों के व्यापारियों में चिंता और निराशा हो गई है और पैनिक का माहौल पैदा हो गया है, व्यापारियों को डर सता रहा है कि क्या 31 अक्टूबर को ही बैरिकेडिंग हो जाएगी और क्या रास्ते बंद हो जाएंगे?'
आगे लिखा है, 'क्या 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को दुकानें खुल पाएंगी और क्या ग्राहक दुकानों पर पहुंच पाएंगे? 10 लाख लोग आएंगे तो 15,000 से 20,000 वाहन भी आएंगे - पार्किंग कहां होगी? कांग्रेस के बड़े बड़े नेता खुलकर बोल रहे हैं कि पूरे भारत से 10 लाख लोग रैली में शामिल होंगे।'
कितने नुकसान की आशंका
CTI के अनुसार, '50 लोग प्रति बस के हिसाब से भी 10,000 से 12,000 बड़ी बसें। 5,000 से 7,000 छोटी गाड़ियां (कार, टेंपो ट्रैवलर, मिनी बस, ई-रिक्शा)। कुल 15,000 से 20,000 वाहनों का काफिला दिल्ली में प्रवेश करेगा। सवाल ये है कि ये 20,000 गाड़ियां जाएंगी कहां और पार्क कहां होंगी? रामलीला मैदान के आसपास 200 बड़ी गाड़ियों की भी अधिकृत पार्किंग नहीं है।'
पत्र के अनुसार, 'CTI ने स्पष्ट किया है कि रामलीला मैदान चारों तरफ से दिल्ली के सबसे बड़े होलसेल और रिटेल बाजारों से घिरा है। रामलीला मैदान तक पहुंचने का हर रास्ता इन्हीं बाजारों से होकर गुजरता है, दिल्ली-6 की गलियां 10-12 फीट चौड़ी हैं, जहां एक ट्रक फंसने से 3 घंटे जाम लगता है।'
इन बाजारों पर असर
पत्र में 21 बजारों के नाम लिखे हैं। इनमें चांदनी चौक, भागीरथ पैलेस, खारी बावली, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, कश्मीरी गेट, नबी करीम, करोल बाग, अजमेरी गेट, दरियागंज, नई सड़क, किनारी बाजार, दरीबा कलां, फतेहपुरी, लाहौरी गेट, फिल्मिस्तान, पहाड़गंज, गफ्फार मार्केट, जामा मस्जिद, लाल किला और नया बाजार शामिल हैं।
इसमें कहा गया है कि 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान ही पूरी सेंट्रल दिल्ली सील हो गई थी और 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। सीटीआई ने सुझाव दिया है कि यदि रैली को टालना संभव नहीं है, तो कारोबार पर असर कम करने के लिए इसे बुराड़ी मैदान या जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाए।
खास बात है कि कांग्रेस ने 1 नवंबर को बड़े स्तर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है, जिसमें 10 लाख लोगों के आने की संभावानाएं जताई हैं। इससे पहले 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था।








